Subhash brala may appoint again haryana bjp state president / सुभाष बराला दोबारा बन सकते हैं हरियाणा BJP प्रदेश अध्यक्ष

Ramandeep Kaur
0
हरियाणा भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के चयन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुभाष बराला की ही दोबारा ताजपोशी होने के संकेत हैं। अब तक 11 जिलों में जिलाध्यक्षों का चुनाव हो गया है। अब दो जनवरी को हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। 

सूत्रों के मुताबिक वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनना तय है। पार्टी ने अंदर खाते सभी को यह संदेश दे दिया है। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद बाकी बचे जिलों में जिला अध्यक्ष नामित किए जाएंगे। इस समय प्रदेश में पंचकूला, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल, मेवात, फतेहाबाद और दादरी में जिला अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो चुका है। 

भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के चुनाव अधिकारी ऋषि प्रकाश शर्मा ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके मुताबिक दो जनवरी शनिवार को रोहतक में नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।

भाजपा का दावा है कि पार्टी किसी एक परिवार या व्यक्ति की पार्टी नहीं है। इसलिए हर तीन साल बाद पूरे लोकतांत्रिक तरीके से बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कराये जाते हैं। यही कारण है कि भाजपा का साधारण से साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष व साधारण से साधारण परिवार में जन्म लेने वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है।

केंद्रीय चुनाव अधिकरी अविनाश राय खन्ना (सांसद) ने हिमाचल (मंडी) से सांसद रामस्वरूप को हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव हेतु पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)