बसपा ने रविवार को उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए 47 सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा की। बसपा ने गाजीपुर की हाईप्रोफाइल ज़हूराबाद सीट से अखिलेश सरकार में मंत्री रहीं शादाब फातिमा को टिकट दिया है। इस सीट पर सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर सपा गठबंधन के उम्मीदवार हैं।
बसपा की ओर से जारी की गई सूची में गाजीपुर के अलावा आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिले की विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। ज़हूराबाद से बसपा उम्मीदवार शादाब फातिमा कुछ ही दिनों पहले पार्टी में शामिल हुई हैं। पहले वह शिवपाल यादव की पार्टी में शामिल थी लेकिन सपा के साथ गठबंधन होने के बाद यह सीट सुभासपा को दिए जाने के बाद वे नाराज चल रही थीं। पहले उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था लेकिन बाद में वे बसपा में शामिल हो गईं।
शादाब फातिमा ने साल 2012 में जहूराबाद से चुनाव लड़ा था और उन्होंने ओम प्रकाश राजभर को चुनाव हराया था। इससे पहले उन्होंने 2007 के चुनाव में गाजीपुर सदर से सपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। 2012 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद उन्हें तत्कालीन अखिलेश यादव की कैबिनेट में भी शामिल किया गया था। लेकिन 2017 में अखिलेश और शिवपाल के बीच उपजे मतभेद के कारण फातिमा का टिकट काट दिया गया था।
इस बार के विधानसभा चुनाव में जहूराबाद से शादाब फातिमा के खिलाफ ओम प्रकाश राजभर के अलावा भाजपा के कालीचरण राजभर भी मैदान में हैं। कालीचरण राजभर 2002 और 2007 में बीएसपी के टिकट पर जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। लेकिन बाद में वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। पिछले दिनों उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली। वर्तमान में ओम प्रकाश राजभर इस सीट से विधायक हैं।
बता दें कि जहूराबाद सीट पर 7 मार्च को वोटिंग होगी। इस विधानसभा सीट पर करीब 4,46,682 मतदाता हैं। जहूराबाद सीट पर 75,490 दलित मतदाता हैं। इसके अलावा इस सीट पर करीब 66 हजार राजभर समुदाय के वोटर हैं। वहीं करीब 43 हजार यादव मतदाता और 27 हजार के लगभग मुस्लिम मतदाता हैं। इस सीट पर ब्राह्मण समुदाय के भी करीब 14 हजार वोट हैं।