ओलंपिक पदक विजेता से एशियन गोल्ड मेडलिस्ट तक, इन खिलाड़ियों ने दूसरे खेल के प्लेयर्स से रचाई शादी;...

Swati
0
Jansatta
 
thumbnail ओलंपिक पदक विजेता से एशियन गोल्ड मेडलिस्ट तक, इन खिलाड़ियों ने दूसरे खेल के प्लेयर्स से रचाई शादी; दो पर बन चुकी है बायोपिक
Feb 8th 2022, 09:14, by Alok Srivastava

भारत जैसे देश में एक ही खेल है, जिसके प्रति लोगों में दीवानगी है। वह है क्रिकेट। हमारे देश में क्रिकेट की पूजा की जाती है और क्रिकेटर्स को भगवान के रूप में प्यार किया जाता है। ऐसे में अन्य खेल खेलने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर किसी का ध्यान नहीं जाता। भारत में क्रिकेट अन्य खेलों पर भारी है। हालांकि, हॉकी, टेनिस, कुश्ती और बैडमिंटन आदि जैसे अन्य खेलों में भी ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है।

क्रिकेटर्स के उलट इन खिलाड़ियों का निजी जीवन बहुत निजी है। उनके बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं है। यहां हम भारत के कुछ ऐसे ही बेहतरीन खिलाड़ियों के बारे में जानेंगे जिन्होंने अपने खेल से इतर दूसरे स्पोर्ट्स के प्लेयर को अपनी जिंदगी का हमसफर चुना। इसमें ओलंपिक मेडलिस्ट मैरीकॉम, एशियाई गोल्ड मेडलिस्ट मिल्खा सिंह, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और शीतल गौतम तथा बॉस्केट बॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह के नाम शामिल हैं। मैरीकॉम और मिल्खा सिंह पर तो बॉयो-पिक भी बन चुकी है।

मैरीकॉम-करुंग ओन्खोलर

6 बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरीकॉम मूल रूप से मणिपुर की रहने वाली हैं। हम उनके जीवन के बारे में बहुत कुछ जानते हैं, क्योंकि प्रियंका चोपड़ा ने उन पर बनी ब्लॉकबस्टर बॉयोपिक मैरी कॉम में मैरीकॉम की भूमिका निभाई थी। मैरीकॉम ने 2005 में फुटबॉलर करुंग ओन्खोलर से शादी की थी। करुंग से उनकी पहली मुलाकात 2000 में हुई थी, तब बेंगलुरु जाते समय ट्रेन से उनका सामान चोरी हो गया था।

मैरीकॉम पंजाब में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेने जा रही थीं। करुंग दिल्ली विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रहे थे। करुंग पूर्वोत्तर छात्र संघ के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने मैरीकॉम की मदद की थी। इसके बाद दोनों अच्छे दोस्त बन गए और एक-दूसरे को डेट करने लगे। साल 2005 में दोनों ने शादी कर ली। मैरीकॉम के 3 बेटे और एक बेटी हैं। वह 2007 में जुड़वां बेटों की मां बनी थीं। साल 2013 में उन्होंने एक और बेटे को जन्म दिया। बेटी को उन्होंने 2018 में गोद लिया था।

मिल्खा सिंह-निर्मल कौर सैनी

फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह अब हमारे बीच में नहीं हैं। पाकिस्तानी पंजाब में 20 नवंबर 1929 को जन्में मिल्खा सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में भारत के लिए कई स्वर्ण पदक जीते थे। उन्होंने 1958 और 1962 एशियन गेम्स में दो-दो स्वर्ण पदक जीते थे। पद्मश्री से सम्मानित मिल्खा का खिलाड़ी के रूप में सफर इतना प्रेरणादायक रहा था कि उन पर भाग मिल्खा भाग (Bhaag Milkha Bhaag) नाम की बॉलीवुड फिल्म भी बनी। उस फिल्म मे फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह की भूमिका निभाई थी।

मिल्खा सिंह ने भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल सैनी से शादी की थी। मिल्खा सिंह की निर्मल कौर सैनी (Nirmal Kaur Saini) से पहली मुलाकात 1955 में सीलोन (श्रीलंका) में हुई थी। दोनों ही एक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए गए हुए थे। मिल्खा सिंह एथलेटिक्स टीम का हिस्सा थे। कोलंबो में एक भारतीय कारोबारी ने वॉलीबॉल टीम और एथलेटिक्स टीम को मुकाबलों के लिए आमंत्रित किया था। तभी मिल्खा सिंह पहली बार निर्मल कौर से मिले थे।

मिल्खा सिंह (Milkha Singh) के लिए यह पहली नजर का प्यार था। दोनों ने एक-दूसरे के साथ घंटों तक बातचीत की। कहा जाता है कि उस जगह पर कोई कागज नहीं होने के कारण मिल्खा सिंह ने निर्मल कौर के हाथ पर अपने होटल का नंबर लिखा था। बाद में दोनों फिर 1958 में मिले। हालांकि, उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत 1960 में हुई थी। तब दोनों की मुलाकात दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में हुई थी।

उस समय तक मिल्खा सिंह एक बड़ा नाम हो चुके थे। ने अपने लिए एक नाम बना लिया था। शुरुआत में वह निर्मल कौर के साथ कॉफी ब्रेक में समय बिताते थे। धीरे-धीरे यह मुलाकात प्यार में बदल गई। साल 1962 में दोनों ने शादी की। निर्मल कौर का 13 जून 2021 को अजीत सिंह नगर में देहांत हो गया था। पत्नी की मौत के 5 दिन बाद यानी 18 जून 2021 में चंडीगढ़ में मिल्खा सिंह ने भी जिंदगी को अलविदा कह दिया था।

सानिया मिर्जा-शोएब मलिक

सानिया मिर्जा (Sania Mirza) किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। भारतीय टेनिस को बुलंदियों तक पहुंचाने में उनका अहम रोल है। छह ग्रैंड स्लैम जीतने वालीं सानिया मिर्जा 2006 में दोहा और 2014 में इंचियोन एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक भी जीत चुकी हैं।

उन्होंने 2002 बुसान एशियाई खेलों में कांस्य, दोहा एशियाई खेलों में 2 रजत, 2010 ग्वांगझू एशियन गेम्स में एक रजत और एक कांस्य तथा 2010 इंचियोन एशियन गेम्स में एक रजत पदक भी जीता था।

सानिया के फैंस तब आश्चर्यचकित रह गए, जब 2010 में उन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) के साथ शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया। सानिया और शोएब की मुलाकात एक रेस्टोरेंट में हुई थी। बाद में शोएब उनका मैच देखने आए। जल्द ही दोनों दोस्त बन गए और प्यार हो गया।

शीतल गौतम-रॉबिन उथप्पा

रॉबिन उथप्पा (Robin Uthappa) की तरह उनकी पत्नी शीतल गौतम का भी एक सफल खेल करियर रहा है। वह बहुत कम उम्र से टेनिस खेलती थी। उन्होंने कई टूर्नामेंट्स में राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व भी किया है। बैंगलोर में 6 जून 1981 को जन्मीं शीतल उम्र में रॉबिन से बड़ी हैं।

शीतल गौतम के करियर की उच्च डब्ल्यूटीए सिंगल्स रैंकिंग 591 रही थी। डबल्स में उनके करियर की उच्च डब्ल्यूटीए रैंकिंग 477 रही। शीतल गौतम (Sheethal Goutham) ने 5 आईटीएफ सिंगल्स और 13 आईटीएफ डबल्स खिताब जीते हैं।

प्रतिमा सिंह-इशांत शर्मा

बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की पत्नी हैं। साल 2011 में दिल्ली में बास्केटबॉल लीग में दोनों की मुलाकात हुई थी। वहां इशांत मुख्य अतिथि थे। इशांत की बहन ने उन्हें प्रतिमा से मिलवाया। जल्द ही दोनों अच्छे दोस्त बन गए।

कुछ ही समय में यह दोस्ती प्यार में बदल गई और साल 2016 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। यह जोड़ा सोशल मीडिया पर अक्सर एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का इजहार करते देखा जाता है।

वाराणसी की रहने वालीं प्रतिमा ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के जीसस एंड मैरी कॉलेज से अपने बास्केटबॉल सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने 2010-11 में अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय लीग में डीयू का नेतृत्व करते हुए लगातार दो स्वर्ण पदक जीते थे। प्रतिमा ने अपने करियर के दौरान 3 बार एशियाई बास्केटबॉल चैंपियनशिप (2006, 07, 09) और 2010 ग्वांगझू एशियाई खेलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।

The post ओलंपिक पदक विजेता से एशियन गोल्ड मेडलिस्ट तक, इन खिलाड़ियों ने दूसरे खेल के प्लेयर्स से रचाई शादी; दो पर बन चुकी है बायोपिक appeared first on Jansatta.

You are receiving this email because you subscribed to this feed at blogtrottr.com.

If you no longer wish to receive these emails, you can unsubscribe from this feed, or manage all your subscriptions.

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)