MP: कुख्यात बदमाश बंटी उपाध्याय गिरफ्तार, NSA के तहत कार्रवाई Jan 24th 2022, 18:28, by Yashodhan Sharma खंडवा: मध्य प्रदेश में पुलिस को शहर के कुख्यात गुंडे बंटी उपाध्याय को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने गुंडे बंटी को होशंगाबाद बैतूल के पास गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बंटी के ऊपर बीस हजार रुपए का इनाम भी रखा था। गणेश तलाई क्षेत्र बंटी की दहशत खत्म करने के लिए पुलिस ने इस पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने किया। खंडवा शहर के गणेश तलाई क्षेत्र में गुंडे बंटी उपाध्याय का आतंक है। कोतवाली थाने का ये कुख्यात बदमाश है। बंटी पर 27 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में शुक्रवार की रात उसने गणेश तलाई स्थित शिव मंदिर में तोड़फोड़ की थी। वहीं इस क्षेत्र में एक मकान और एक ऑटो में आग लगा दी थी। इसके बाद से बंटी फरार चल रहा था, पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी थी। लेकिन यह पुलिस के हाथ नहीं आया था। घटना के 3 दिन बाद पुलिस ने गुंडे बंटी को होशंगाबाद के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए खंडवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि बंटी उपाध्याय आदतन अपराधी है और इस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपए का इनाम रखा था। इस पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम NSA के तहत कार्रवाई की जा रही है। ]]> |