नई दिल्ली।
भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश करेंगी। बता दें कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 112 के अनुसार, केंद्रीय बजट वो दस्तावेज होता है, जो उस विशेष वर्ष के लिए सरकार की अनुमानित प्राप्तियों और व्यय का विवरण देता है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 2014 में सत्ता में आने के बाद से यह उनका 10वां बजट होगा। वहीं, 2019 में वित्त मंत्री का पद संभालने के बाद से यह सीतारमण का चौथा बजट होने वाला है।
पहले आर्थिक सर्वे पेश होगा:
बजट पेश करने से पहले, केंद्र 31 जनवरी को संसद में आर्थिक सर्वे पेश करेगा। इसमें पिछले एक साल के आर्थिक विकास की समीक्षा होती है। यह सभी क्षेत्रों-औद्योगिक, कृषि, विनिर्माण सहित अन्य के डेटा का विवरण देता है। गौरतलब है कि भारत में पहला आर्थिक सर्वे वर्ष 1950-51 में प्रस्तुत किया गया था। 1964 तक बजट और आर्थिक सर्वेक्षण एक साथ पेश किए गए। 1964 के बाद, दोनों अलग हो गए।
संसद का बजट सत्र:
जिस तारीख को भारतीय आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा उस दिन संसद का बजट सत्र शुरू होगा। 31 जनवरी को इसकी शुरुआत दोनों सदनों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से होगी। सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलने वाला है। इसके बाद दूसरा भाग 14 मार्च को फिर से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा।
बजट 2022 से क्या उम्मीद की जा रही है?
भारत कोविड -19 की तीसरी लहर से जूझ रहा है, अर्थशास्त्रियों, वेतनभोगी वर्ग और उद्योग के विशेषज्ञों ने ऐसे में इस बजच से काफी उम्मीदें लगाई हैं। जीडीपी को बेहतर बनाने के प्रयास होंगे। 2020-21 में, भारत की जीडीपी लॉकडाउन के कारण फिसल गई, जिससे वित्त वर्ष 2021 का सकल घरेलू उत्पाद 7.3% रह गया।
बजट के बारे में अन्य तथ्य:
-इसे वित्त मंत्रालय अन्य संबंधित मंत्रालयों के परामर्श से तैयार करता है।
-2017 तक केंद्रीय बजट से अलग एक रेल बजट पेश किया गया था।
-2017 से ऐसा हो रहा है कि 1 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्त मंत्री द्वारा लोकसभा में बजट पेश किया जाता है। इससे पहले इसे फरवरी के आखिरी वर्किंग डे पर पेश किया जाता था।
-बजट भाषण का रन टाइम औसतन 90 मिनट से 120 मिनट तक होता है।
-हालांकि, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2021-22 में सबसे लंबा बजट भाषण दिया जो लगभग 160 मिनट तक चला।
-सीतारमण से पहले सबसे लंबा बजट भाषण जसवंत सिंह ने 2003 में 135 मिनट के लिए दिया था।
-सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड हिरूभाई एम पटेल के नाम है, जिन्होंने 1977 में सिर्फ 800 शब्द बोले थे।
केंद्रीय बजट 2022 कहां देखें?
केंद्रीय बजट 2022 का लोकसभा टीवी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही, इसे यूट्यूब और ट्विटर जैसे कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा।
]]>