| Ukraine Invasion: रूस का दावा, यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई का 'सम्मान' करता है चीन, पुतिन से बोले शी जिनपिंग Feb 26th 2022, 11:05  मास्को रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन में रूसी सेना के सैन्य कार्रवाई का चीन ने 'सम्मान' किया है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने बताया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से शुक्रवार को बातचीत के दौरान यह कहा। पुतिन ने इस बातचीत के दौरान शी जिनपिंग को बताया कि उन्होंने क्यों यूक्रेन पर हमला किया। रूस ने दावा किया कि उसने मिंस्क में अपने दल को बातचीत के लिए भेज दिया है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थितियों का आकलन किया और अपनी कार्रवाई में 'करीबी से समन्वय' करने पर सहमति जताई है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का समर्थन करने भी सहमति जताई। दोनों नेताओं ने अपने निजी हितों के लिए कुछ देशों की ओर से लगाए गए गए प्रतिबंधों की आलोचना की। रूस ने कहा कि दोनों नेताओं ने इन प्रतिबंधों को अस्वीकार्य बताया है। गेहूं आयात प्रतिबंधों को हटाने का फैसला लिया पुतिन और शी जिनपिंग ने व्यवहारिक द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इससे पहले चीन ने यूक्रेन में तनाव भड़काने के लिए अमेरिका की आलोचना की थी। इससे पहले चीन ने रूस पर लगे सभी गेहूं आयात प्रतिबंधों को हटाने का फैसला लिया था। चीन ने गुरुवार को यूक्रेन पर रूसी हमले के कुछ ही देर बाद इसकी घोषणा की थी। यह कदम उस समझौते के तहत उठाया गया है जो इस महीने की शुरुआत में पुतिन और जिनपिंग के बीच हुआ था। दुनिया के सबसे बड़े गेहूं उत्पादक देशों में रूस शामिल है। अब तक रूस चीन को बैक्टीरिया और कंटेमिनेशन के डर के चलते गेहूं निर्यात नहीं करता था। हालांकि इस महीने की शुरुआत में 8 फरवरी को चीन और रूस के बीच एक समझौता हुआ था जिसके तहत चीन रूस से गेहूं और धान खरीदने और रूस कंटेमिनेशन को रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय अपनाने पर सहमत हो गए थे। इस समझौते के मुताबिक चीन गेहूं में किसी भी तरह की फंगस या कंटेमिनेशन मिलने पर खरीद को तत्काल रोक देगा। चीन के कृषि मंत्रालय ने बताया कि पिछले साल बुवाई की अवधि में बाढ़ के कारण चीन बड़ी कठिनाइयों का सामना कर रहा है। |