| संत रविदास जयंती पर प्रियंका गांधी का कल वाराणसी दौरा Feb 15th 2022, 12:00 उत्तर प्रदेश : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का कल संत रविदास जयंती मौके पर वाराणसी का दौरा है। वह उत्तर प्रदेश में अपने दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से करेंगी। वाराणसी में उनका रविदास जयंती पर होने वाली प्रार्थना सभा तथा लंगर में शामिल होने का कार्यक्रम है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रियंका गांधी का यह कार्यक्रम तय किया गया है। वाराणसी के बाद प्रियंका गांधी कानपुर जाएंगी। कानपुर में वह पार्टी के प्रत्याशी अजय कपूर के पक्ष में प्रचार करेंगी। जनसंपर्क के साथ उनका छोटी सभाएं करने का भी कार्यक्रम भी है। इसके बाद उनका सीसामऊ और आर्यनगर में प्रचार का कार्यक्रम है। |