| पीलीभीत में वरुण फैक्टर से भाजपा की रार, सपा भी तैयार... जिले की चारों सीटों पर इस बार कड़ा मुकाबला Feb 21st 2022, 02:39  असित शुक्ला, पीलीभीत: पीलीभीत में इस बार रोचक लड़ाई देखी जा रही है। मुकाबले और वर्चस्व के हिसाब से इस जिले की चार सीटों पर मुकाबले में भाजपा और सपा ही हैं लेकिन भाजपा को यहां अपने सांसद वरुण गांधी के विद्रोही तेवरों से भी जूझना पड़ रहा है। पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने यहां चारों सीटों पर अपना परचम लहराया था। बरेली मंडल के इस जिले के अलावा बाकी सभी जिलों में मतदान हो चुका है। ऐसे में यहां पर दिलचस्प और कांटे की टक्कर होने के पूरे आसार हैं। सांसद वरुण गांधी किसानों, बैंकों घोटाले जैसे मुद्दों पर लगातार केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। यह सब यहां पर पार्टी के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। हालांकि पीलीभीत में वरुण की व्यक्तिगत छवि काफी अच्छी है। इसकी वजह से भाजपा अपने सांसद से सीधे टकराव से बच रही है। पीलीभीत के वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप तिवारी बताते हैं कि वरुण गांधी की व्यक्तिगत छवि क्षेत्र में बहुत अच्छी है। कोरोना काल में वरुण ने अपने निजी खर्चे से ऑक्सिजन सिलिंडर की बड़ी खेप नागरिकों को मुहैया करवाई थी। बाढ़ आने पर प्रभावित लोगों को राशन सामग्री पहुंचाई गई। इसलिए कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि वरुण गांधी जिले में किसी भी प्रत्याशी को परोक्ष रूप से चुनाव जिताने या हराने में सक्षम दिखाई देते हैं। पीलीभीत सदर: जिले की सबसे कांटे की टक्कर की पीलीभीत सदर सीट पर है। इसमें एक ही बिरादरी के दो अलग-अलग प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा से 2017 में विधायक बने संजय सिंह गंगवार को दोबारा मौका दिया गया है तो वहीं सपा से डॉक्टर पेशे के ईमानदार और अच्छी छवि रखने वाले शैलेंद्र सिंह गंगवार को चुनावी रण में उतारा गया है। दोनों के बीच चुनावी समीकरण शेयर बाजार के सूचकांक की तरह चढ़ते-उतरते दिखाई पड़ रहे हैं। इनके अलावा सदर सीट से समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे मरहूम हाजी रियाज अहमद के बेटे शाने अली बहुजन समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं, जो इस मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। भाजपा- संजय सिंह गंगवार सपा- डॉक्टर शैलेंद्र सिंह गंगवार कांग्रेस- शकील अहमद नूरी बसपा- शाने अली कुल मतदाता- 3,75,568 पुरुष मतदाता- 1,98,958 महिला मतदाता 1,76,587 ट्रांसजेंडर- 23 2017- का परिणाम भाजपा- संजय सिंह गंगवार(विजेता) सपा- हाजी रियाज अहमद बरखेड़ा: बरखेड़ा सीट पर रोमांचक मुकाबले के आसार बने हुए हैं। यहां भाजपा से स्वामी प्रवक्तानंद तो वहीं सपा से पूर्व राज्य मंत्री रह चुके हेमराज वर्मा चुनावी मैदान में मौजूद है। बरखेड़ा विधानसभा में जहां सपा के प्रत्याशी रूठों को मनाने का काम करके वोट मांग रहे हैं। तो वहीं भाजपा का प्रत्याशी की जय जयकार और पैर छूने वालों की तादाद विपक्षी खेमे का मनोबल कम करने का काम कर रही है। भाजपा- जयद्रथ उर्फ स्वामी प्रवक्तानंद सपा- हेमराज वर्मा कांग्रेस- हरप्रीत सिंह चब्बा बसपा- मोहन स्वरूप कुल मतदाता- 3,23,178 पुरुष मतदाता- 1,71,908 महिला मतदाता- 151262 ट्रांसजेंडर- 8 2017 का परिणाम बीजेपी किशन लाल राजपूत(विजेता) सपा हेमराज वर्मा पूरनपुर: पूरनपुर सीट से त्रिकोणीय चुनावी समीकरण बने हुए है। जहां भाजपा से विधायक रहे बाबू राम पासवान को दुबारा मौका मिला है तो वहीं सपा से जमीन से जुड़े नेता पीतम राम की बहु आरती महेंद्र को टिकट दिया गया है। बसपा से अशोक राजा भी चुनावी दांवपेच लगाकर बीजेपी की मुश्किल बढ़ाते नजर आ रहे है। कांग्रेस से ईश्वर दयाल पासवान अपनी जाति का वोट लेकर सीधे तौर पर बीजेपी के प्रत्याशी को नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं। भाजपा बाबू राम पासवान सपा आरती महेंद्र कांग्रेस ईश्वर दयाल पासवान बसपा अशोक राजा कुल मतदाता 3,83,219 पुरुष मतदाता 2,03,749 महिला मतदाता 1,79,447 ट्रांसजेंडर 23 2017 का परिणाम भाजपा बाबूराम पासवान(विजेता) सपा पीतम राम बीसलपुर सीट बीसलपुर सीट में असमंजस का दौर बना हुआ है। जहां भाजपा से कद्दावर नेता रामसरन वर्मा के बेटे विवेक वर्मा को मौका मिला है तो वहीं सपा से क्षेत्रीय वोट बैंक के हिसाब से दिव्या गंगवार को मौका दिया गया है। इसके अलावा बसपा से पूर्व मंत्री रह चुके अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू को मुस्लिम व हिंदू समीकरण के तहत चुनावी मैदान में उतारा गया है। इन तीनों प्रत्याशियों के बीच में कड़ी टक्कर बनी हुई है। इसमें एक निर्दलीय प्रत्याशी नितिन पाठक ने सभी का चुनावी गणित कमजोर कर दिया है। निर्दलीय प्रत्याशी के साथ में युवा छवि के लोगों का समर्थन देखने को मिल रहा है। भाजपा- विवेक वर्मा सपा- दिव्या गंगवार कांग्रेस- शिखा पांडे बसपा- अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू कुल मतदाता- 3,58,345 पुरुष मतदाता- 1,92,865 महिला मतदाता- 1,65,475 ट्रांसजेंडर- 5 2017 का परिणाम भाजपा रामसरन वर्मा (विजेता) कांग्रेस- अनीस अहमद खां |