दो सोने की चेन, 6 अंगूठी, कार, रिवॉल्वर-पिस्टल के मालिक ओपी राजभर हैं करोड़ों के मालिक, फिर भी पत्नी से गरीब, जानिए संपत्ति Feb 13th 2022, 10:18  अमितेश कुमार सिंह, गाजीपुर: सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर () ने गाजीपुर की जहूराबाद सीट से चुनाव लड़ने के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर दिया था। नामंकन के साथ सभी उम्मीदवारों को अपने चल-अचल संपत्ति का विवरण देना होता हैं। नामांकन के साथ दिए हलफनामें के आधार पर ओपी राजभर अपनी पत्नी की तुलना में गरीब हैं। तो आइए जानते हैं, ओम प्रकाश राजभर के बैंक खाते में कितना कैश, कितनी गाड़ियों और कितने लाइसेंसी हथियार हैं। ओपी राजभर से ज्यादा अमीर हैं उनकी पत्नी अपने दाखिल किए हलफनामें में ओपी राजभर ने जो विवरण दिया है, उसके आधार पर संपत्ति के मामले में राजभर से ज्यादा अमीर उनकी पत्नी तारामनी हैं। राजभर ने 2 करोड़ 61 लाख 31 हजार 359 रुपये की संपत्ति हलफनामे में दिखाई है। इसमें चल संपत्ति और नगद 67 लाख 81 हजार 359 रुपये हैं। वहीं जमीन और मकान की कीमत 1 करोड़ 93 लाख 50 हजार बतायी गयी है। राजभर की कुल 11 प्रॉपर्टी में से 9 पत्नी के नाम ओपी राजभर ने आगे संपत्तियों के विवरण में बताया है कि उनके पास लखनऊ, बलिया और वाराणसी में कुल 11 प्रॉपर्टी है। इसमें एक उनके नाम पर है, जबकि एक उनके बेटे के नाम है। बाकी की 9 प्रॉपर्टी उनकी पत्नी तारामनी के नाम पर हैं। राजभर की संपत्ति में ज्यादातर कृषि भूमि शामिल है। ओम प्रकाश राजभर के नाम पर जो प्रॉपर्टी है, उसकी कीमत 12 लाख बतायी गयी है। पत्नी के नाम पर कुल 1 करोड़ 72 लाख 50 हजार की जमीन और मकान है। वहीं बेटे के नाम पर 9 लाख की जमीन है। एक रिवॉल्वर और दो पिस्टल भी रखते हैं ओपी राजभर ओपी राजभर के पास आभूषण, कार, एक रिवॉल्वर और दो पिस्टल भी है। आभूषणों में ओम प्रकाश के पास दो सोने की चेन और 6 अंगूठी हैं। अपने हलफनामें में राजभर ने चेन की कीमत 1 लाख 48 हजार 800 बताया है। वहीं अंगूठियों की कीमत भी करीब उतनी ही बतायी गयी है। राजभर की पत्नी तारामनी के पास 3 चेन, 4 झुमका और 4 कंगन हैं, जिसकी कुल कीमत 5 लाख 25 हजार 760 है। |