दक्षिण जिले के फतेहपुरबेरी थाना इलाके में महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। इतना ही नहीं आरोपी महिला के छह लाख रुपये भी लेकर फरार हो गया।
आरोपी शादी का झांसा देकर महिला के साथ कई महीनों से शारीरिक संबंध बना रहा था। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश तेज कर दी है।
आरोपी को पकड़ने के लिए फतेहपुरबेरी थाना पुलिस आगरा व दिल्ली में दबिश दे रही है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित महिला मीना (27, बदला हुआ नाम) हरस्वरूप कॉलोनी सब्जी मंडी, फतेहपुर गांव में पति के साथ रहती है।
महिला ने फतेहपुरबेरी थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी करीब छह वर्ष पहले असोला में रहने वाले व्यक्ति से हुई। उसकी व उसके पति की उम्र में काफी फर्क है।
उसकी पति से अनबन रहती थी। जनवरी, 2015 में उसकी मुलाकात फतेहपुर गांव में रहने वाले रामअवतार से हुई। रामअवतार आगरा का रहने वाला है और टेंट हाउस का काम करता है।
दोस्ती होने के बाद वह रामअवतार के साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगी। उसने राम अवतार पर शादी करने के लिए कई बार दबाव बनाया।
वह हर बार शादी के लिए मना कर देता था। करीब डेढ़ महीने पहले राम अवतार अचानक गायब हो गया। वह उसके अलमारी में रखे करीब छह लाख रुपये भी ले गया।
उसने राम अवतार को दिल्ली व आगरा में काफी ढूंढा मगर वह नहीं मिला। आगरा में वह राम अवतार के घर भी गई थी। इसके बाद महिला ने फतेहपुरबेरी थाना पुलिस को शिकायत दी।
फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार शाम तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था।
