Havoc of gastro disease, 3 patient died, 500 ill / ऐसी बीमारी जिसने छीन लीं 3 जिंद‌गियां, 500 चपेट में

Swati
0
लुधियाना में इन दिनों ऐसी बीमारी का कहर बरपा हुआ है जिसने अब तक 3 जिंदगियां ले ली है वहीं 3 कॉलोनी के 500 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।� दरअसल अब गेस्ट्रो ने इन दिनों ताजपुर रोड के बाबा जीवन सिंह नगर के साथ-साथ साथ लगे प्रीत नगर और भोला कालोनी को भी अपनी चपेट में ले लिया है। गेस्ट्रो से शनिवार देर रात एक बुजुर्ग टहल सिंह की मौत हो गई, जबकि रविवार सुबह तीन वर्ष की एक बच्ची शहनाज ने दम तोड़ दिया।

बच्ची के तीन भाई बहन अभी सिविल अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। बच्ची की मौत के बाद गुस्साए इलाके के लोगों ने सड़क पर जाम कर निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस और सेहत विभाग के अधिकारियों के समझाने पर उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया। शनिवार रात से लेकर रविवार शाम तक गेस्ट्रो के करीब पांच सौ नए मरीज सामने आए। सिमरन पब्लिक स्कूल में लगे कैंप में मरीजों का चेकअप कर दवाएं दी जा रही हैं। कैंप में से डॉक्टरों ने सात मरीजों को सिविल अस्पताल रेफर कर दिया है।

शहनाज के परिजनों ने कहा कि वह सड़क पर लुक डालने का काम करते हैं। शनिवार दोपहर को इलाके में गंदा पानी आ रहा था। अचानक शहनाज की तबीयत खराब हो गई। उन्होंने इलाके में लगे कैंप में डॉक्टर से दवाई लाकर बच्ची को दे दी। रविवार सुबह घर के बाकी बच्चे भी बीमार हो गए। शहनाज को अस्पताल ले जाने लगे तो उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर सुनते ही पूरा इलाका वहां पर इकट्ठा हो गया। लोग प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगाने पहुंच गए।

सूचना मिलने पर थाना डिवीजन सात और चौकी ताजपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाया। शनिवार को सारा दिन पानी लीकेज ढूंढने में लगे रहे। शनिवार को निगम कर्मियों को जहां लीकेज नजर आई, उन्होंने उसे बंद कर दिया। इसके बावजूद पूरे इलाके में गंदा पानी आता रहा। रविवार को फिर से निगम टीम जोनल कमिश्नर कमलेश बंसल की अगुवाई में इलाके में पहुंची। उन्होंने कई जगहों पर खुदाई की और लीकेज को बंद किया। निगम टीम के साथ विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों भी मौके पर मौजूद रहे।

वार्ड नंबर सात में गेस्ट्रो की बीमारी फैलने की सूचना मिलने के बाद पार्षद गुरप्रीत सिंह गोरा ने इलाके के छह बच्चों को निजी अस्पताल में दाखिल कराया।� शनिवार को पानी गंदा आने के बाद लोगों ने पानी पीना बंद कर दिया। इसके बाद पार्षदों, विधायक और निगम की तरफ से पानी के टैंकर भेजे गए, मगर कुछ टैंकर से भी पानी गंदा आने की वजह से लोगों ने इसे वापस ले जाने की बात कही। कुछ लोगों ने तो पानी के टैंकर के टायर को पंचर कर दिया। जब साफ पानी का टैंकर पहुंचा तो लोगों में पानी भरने के लिए होड़ लग गई। 

सिमरन पब्लिक स्कूल में लगे मेडिकल कैंप में ड्यूटी दे रही सब्जी मंडी डिस्पेंसरी की डॉ. मंजू नाहर ने कहा कि इलाके के लोग लगातार कैंप में अपनी जांच करवाने के लिए आ रहे है। कई मरीजों ने उल्टी दस्त की शिकायत की है, जिन्हें दवाएं देकर भेज दिया है। कैंप से सात मरीजों को सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अभी भी मरीजों का लगातार आना जारी है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)