नई दिल्ली:
एयर इंडिया, जो गुरुवार को टाटा समूह को मिलने जा रही है, में अब काफी बदलाव आने वाले हैं। सूत्रों ने कहा कि अब टाटा, एयरलाइंस के ऑन-टाइम-परफॉर्मेंस में सुधार करने पर ध्यान केंद्रित करेगा। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया के औपचारिक हैंडओवर के बाद टाटा एयरलाइन्स में बड़े बदलाव करेगे। सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एयर इंडिया के सभी विमान समय पर उड़ान भरें।
टाटा समूह ने कई अन्य बदलावों की भी योजना बनाई है। जैसे बैठने की व्यवस्था और केबिन क्रू की ड्रेस में भी बदलाव होना है। सूत्रों ने कहा कि टाटा होटल व्यवसाय में बड़ा प्लेयर है और वह एयरलाइन में भोजन की गुणवत्ता में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
एयर इंडिया के एक अधिकारी के मुताबिक, रतन टाटा का रिकॉर्डेड मैसेज एयर इंडिया के सभी विमानों में ऑन बोर्ड चलाया जाएगा। बता दें कि Air India-Tata Group की यह डील 18,000 करोड़ रुपये में हुई है। बोली प्रक्रिया के बाद, सरकार ने पिछले साल 8 अक्टूबर को एयर इंडिया को टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी की सहायक कंपनी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड को बेच दिया था। उसके बाद, 11 अक्टूबर को, टाटा समूह को एक पत्र (एलओआई) जारी किया गया था जिसमें पुष्टि की गई थी कि सरकार एयरलाइन में अपनी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की इच्छा रखती है। 25 अक्टूबर को केंद्र ने इस सौदे के लिए शेयर खरीद समझौते (एसपीए) पर हस्ताक्षर किए।
बता दें कि टाटा संस के साथ स्पाइसजेट के प्रमोटर अजय सिंह के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने भी बोली लगाई थी, उस तरफ से 15,100 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई थी। टाटा संस द्वारा बोली जीतने के बाद, समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने इसे 'ऐतिहासिक क्षण' करार दिया और कहा कि समूह का प्रयास एक विश्व स्तरीय एयरलाइन का निर्माण करना होगा जो हर भारतीय को गौरवान्वित करे।
]]>